इंदौर।  रिहायशी इलाके के पास बस डिपो में दिनदहाड़े नशे का सेवन, स्थानीय लोगों में आक्रोश इंदौर के पिपलियाहाना चौराहा स्थित राजघ्राही मैदान के पास हंस ट्रैवल्स की बस डिपो में दिनदहाड़े बस चालक और कंडक्टर द्वारा खुलेआम गांजा सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। यह बस डिपो एक रिहायशी कॉलोनी के बिल्कुल समीप स्थित है, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराज़गी और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना एक-दो दिन की नहीं, बल्कि लगभग रोज़ाना देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार नशीले पदार्थों का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आसपास रहने वाले परिवारों और बच्चों के लिए भी गलत संदेश और संभावित खतरा पैदा करता है। इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया है, जो 24 जनवरी 2026 को दोपहर लगभग 12:30 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में कथित रूप से बस स्टाफ को नशीले पदार्थों का सेवन करते हुए देखा जा सकता है।