लगातार बढ़ता मानसिक दबाव, घंटों बैठकर काम करने की आदतें, प्रदूषण और अनियमित खानपान धीरे-धीरे हमारे आंतरिक तंत्र को कमजोर कर रहे हैं। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में, तनाव, चिंता और अस्त-व्यस्त जीवनशैली का सबसे गहरा प्रभाव हमारे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों, विशेषकर हृदय और फेफड़ों पर पड़ता है।इन परिस्थितियों में खुद को स्वस्थ बनाए रखने के लिए योग एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। इसी कड़ी में, अंजलि मुद्रा, जिसे अक्सर नमस्ते मुद्रा या प्रार्थना मुद्रा के नाम से भी जाना जाता है, एक सरल परंतु अत्यंत शक्तिशाली योग अभ्यास है। यह मुद्रा शरीर, मन और सांसों के बीच गहरा संतुलन स्थापित करने का कार्य करती है। अंजलि मुद्रा में दोनों हथेलियों को हृदय चक्र के सामने जोड़कर रखा जाता है, जैसे कि प्रणाम की स्थिति में। योग विशेषज्ञों के अनुसार, जब दोनों हथेलियां आपस में मिलती हैं, तो शरीर के ऊर्जा बिंदु सक्रिय होते हैं, जिससे मस्तिष्क और शरीर के बीच एक विशेष तालमेल बनता है। यह प्रक्रिया मन को शांत करने में मदद करती है और धीरे-धीरे सांसों की गति को नियंत्रित व गहरा बनाती है। यही संतुलित प्रक्रिया हृदय और फेफड़ों को विशेष लाभ पहुंचाने में सहायक सिद्ध होती है।अंजलि मुद्रा का अभ्यास करते समय, व्यक्ति स्वाभाविक रूप से गहरी और धीमी सांसें लेने लगता है। इस गहरी श्वसन प्रक्रिया के कारण फेफड़ों तक ऑक्सीजन का प्रवाह कहीं अधिक प्रभावी ढंग से होता है। इससे फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ती है, सांस लेने की प्रक्रिया संतुलित होती है और वे अधिक सक्रिय रूप से काम करने लगते हैं। लगातार अभ्यास करने से फेफड़ों की शक्ति में सुधार होता है, जो उन लोगों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है जो जल्दी थकान महसूस करते हैं या तनाव के कारण तेज सांस लेने की समस्या से जूझते हैं। धीमी और गहरी सांसें शरीर में ऑक्सीजन के स्तर को बेहतर बनाकर समग्र ऊर्जा को बढ़ाती हैं। यह मुद्रा हृदय पर भी सकारात्मक प्रभाव डालती है। अंजलि मुद्रा में ध्यान सीने के बीच वाले हिस्से, जिसे योग में अनाहत चक्र या हृदय चक्र कहा जाता है, पर केंद्रित होता है। जब व्यक्ति शांत मन से इस मुद्रा का अभ्यास करता है, तो मानसिक तनाव और चिंता का स्तर कम होने लगता है।तनाव में कमी का सीधा असर हृदय स्वास्थ्य पर पड़ता है, क्योंकि अत्यधिक तनाव दिल की धड़कनों को अनियमित कर सकता है और रक्तचाप को बढ़ा सकता है। इस प्रकार, अंजलि मुद्रा मन को शांत करके हृदय पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को कम करने में सहायक सिद्ध होती है, जिससे हृदय प्रणाली स्वस्थ बनी रहती है। इसके अतिरिक्त, अंजलि मुद्रा मस्तिष्क के दोनों गोलार्धों (हेमिसफेयर) के बीच संतुलन बनाने में मदद करती है, जिससे एकाग्रता और सोचने-समझने की क्षमता में सुधार आता है। शारीरिक रूप से, यह हाथों, कलाई और बांहों की मांसपेशियों में लचीलापन लाती है, जो लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल पर काम करने वाले व्यक्तियों के लिए राहत प्रदान कर सकती है।