दुबई में अचानक बजने लगे सायरन, कई इलाकों में मचा हड़कंप
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की आर्थिक राजधानी दुबई और आसपास के इलाकों में मंगलवार को अचानक इमरजेंसी वार्निंग सायरन बजने से लोगों में हड़कंप मच गया। अमेरिका और ईरान के बीच जारी भीषण तनाव के बीच हफ्तों की शांति के बाद अचानक बज उठे इन अलर्ट सायरन के चलते पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
एयर डिफेंस ने मिसाइल खतरे को किया ट्रेस
यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, देश की वायु रक्षा प्रणाली (एयर डिफेंस सिस्टम) ने देश की सीमा की तरफ आते एक मिसाइल खतरे का पता लगाया था। इसके तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत शहर में इमरजेंसी अलर्ट सायरन सक्रिय कर दिए गए। मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र में सुनी गई तेज आवाजें एयर डिफेंस द्वारा मिसाइल को हवा में ही इंटरसेप्ट करने की कार्रवाई का हिस्सा थीं।
नागरिकों के लिए चेतावनी और सुरक्षा निर्देश
अचानक सायरन बजने के बाद स्थानीय प्रशासन और रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए बयान जारी कर नागरिकों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की। लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सरकारी चैनलों के जरिए दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सख्त सलाह दी गई है।
पैलेस ने दी स्थिति सामान्य होने की जानकारी
घटना के कुछ ही समय बाद रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है और फिलहाल कोई बड़ा खतरा नहीं है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि यूएई की सेना और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने जनता को आश्वस्त करते हुए दैनिक गतिविधियों को सावधानीपूर्वक जारी रखने की इजाजत दी है।