हर दिन अलग भोग चढ़ाने की है विशेष परंपरा
Navratri Me 9 Din Ka Bhog List 2026: चैत्र नवरात्रि का आरंभ 19 मार्च 2026 से हो गया है। नवरात्र यानी नौ रात्रि, जिमसें हर दिन माता दुर्गा के अलग-अलग नौ स्वरूपों की उपासना होती है। हर दिन मां के एक दिव्य स्वरूप को समर्पित है। हर देवी की अपनी शक्ति और विशेषताएं हैं। ऐसे में उनके पूजन का तरीका, भोग, श्रृंगार आदि सब अलग है।
नवरात्रि का हर दिन एक विशेष देवी को समर्पित है और उस दिन उनका प्रिय भोग चढ़ाने से विशेष फल की प्राप्ति होती है। ऐसा माना जाता है कि सही भोग अर्पित करने से जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता आती है। इस लेख के जरिए जानिए नवरात्रि के हर दिन किस देवी की पूजा होती है, उनका प्रिय भोग क्या है और आप पूरे नौ दिनों में माता को क्या अर्पित कर सकते हैं। यह जानकारी आपको सही तरीके से पूजा करने में मदद करेगी और आपके व्रत को सफल बनाएगी।
ध्यान रखें कि भोग हमेशा शुद्ध और सात्विक होना चाहिए। पहले माता को अर्पित करें, फिर प्रसाद रूप में ग्रहण कर सकते हैं। लहसुन-प्याज का उपयोग वर्जित है। आइए जानते हैं नवरात्रि के 9 दिनों के लिए देवी के नौ स्वरूपों का प्रिय भोग।
नवरात्रि 9 दिन भोग लिस्ट 2026
नवरात्रि का पहला दिन
प्रथम नवरात्रि 19 मार्च को है। इस दिन मां शैलपुत्री की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग घी है। आप घी से बने व्यंजन या मिठाई मां के सामने भोग के रूप में समर्पित कर सकते हैं। घी रोगों से मुक्ति और स्वास्थ्य लाभ के लिए फलदायी होता है।
नवरात्रि का दूसरा दिन
द्वितीय नवरात्रि 20 मार्च को है। इस दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग शक्कर है। आप शक्कर या उससे बने मिष्ठान्न मां को अर्पित कर सकते हैं। यह भोग आयु और सौभाग्य में वृद्धि के लिए शुभ माना जाता है।
नवरात्रि का तीसरा दिन
तृतीय नवरात्रि 21 मार्च को है। इस दिन मां चंद्रघंटा की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग दूध है। आप दूध या दूध से बनी मिठाइयां मां को भोग में अर्पित कर सकते हैं। इससे जीवन के दुख दूर होते हैं और सुख-शांति प्राप्त होती है।
नवरात्रि का चौथा दिन
चतुर्थ नवरात्रि 22 मार्च को है। इस दिन मां कूष्मांडा की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग मालपुआ है। आप मालपुआ या मीठे पकवान मां को अर्पित कर सकते हैं। इससे बुद्धि और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है।
नवरात्रि का पांचवां दिन
पंचम नवरात्रि मां स्कंदमाता की पूजा के लिए समर्पित है। इस साल 23 मार्च 2026 को मां स्कंंदमाता की पूजा की जाएगी। उनका प्रिय भोग केला है। आप केले या केले से बने व्यंजन मां को अर्पित कर सकते हैं। यह भोग परिवार में सुख-शांति लाता है।
नवरात्रि का छठा दिन
24 मार्च को नवरात्रि की षष्ठी तिथि है। इस दिन मां कात्यायनी की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग शहद है। आप शहद का भोग मां को अर्पित कर सकते हैं। इससे आकर्षण शक्ति और ऊर्जा में वृद्धि होती है।
नवरात्रि का सातवां दिन
सप्तम नवरात्रि 25 मार्च को है। इस दिन मां कालरात्रि की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग गुड़ है। आप गुड़ या गुड़ से बने व्यंजन मां को अर्पित कर सकते हैं। यह भोग नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है।
नवरात्रि का आठवां दिन
इस वर्ष नवरात्रि की अष्टमी तिथि 26 मार्च को पड़ रही है। इस दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग नारियल है। आप नारियल या उससे बनी मिठाई मां को अर्पित कर सकते हैं। इससे मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
नवरात्रि का नौवां दिन
27 मार्च 2026 को रामनवमी है। इस दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। उनका प्रिय भोग खीर है। आप खीर या चावल से बने मिष्ठान्न मां को अर्पित कर सकते हैं। यह भोग सभी सिद्धियों और सफलता की प्राप्ति के लिए शुभ माना जाता है।